Wednesday, October 21st, 2026

रविचंद्रन अश्विन पांच विकेट झटके, रचा इतिहास 

 नई दिल्ली 
भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम पहली पारी में महज 134 रन बनाकर ऑलआउट हुई। रविचंद्रन अश्विन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। अश्विन इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 200 विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। 
 
अश्विन ने यह खास उपलब्धि स्टुअर्ट ब्रॉड को बिना खाता खोले बोल्ड करके हासिल की। ऑफ स्पिनर के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए और टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। टेस्ट क्रिकेट में अश्विन ने यह 23वीं बार पांच विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने जेम्स एंडरसन को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 22 बार टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट झटके हैं। अश्विन ने इस पारी में ब्रॉड के अलावा, बेन स्टोक्स को भी 18 रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। 
 
इससे पहले, भारत की टीम पहली पारी में 329 रन बनाकर ऑलआउट हुई, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अच्छी बल्लेबाजी की और 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से मोईन अली ने चार विकेट झटके, जबकि ओली स्टोन ने तीन भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। टीम इंडिया ने इस मैच में अपने प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को शाहबाज नदीम, बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर की जगह पर टीम में शामिल किया गया है। 

 

#रविचंद्रन अश्विन

Source : Agency

पाठको की राय